home page

असम के मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन और सिलसाको बील के पुनर्जीवन पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की चर्चा

 | 
असम के मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन और सिलसाको बील के पुनर्जीवन पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की चर्चा


गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात कर असम में जल अवसंरचना को मजबूत करने और दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री के सरकारी आवास पर हुई बैठक में जल शक्ति मंत्रालय और असम सरकार के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने असम में जल जीवन मिशन के कार्यान्वयन को मजबूत करने तथा गुवाहाटी की महत्वपूर्ण शहरी आर्द्रभूमि सिलसाको बील के चल रहे पुनर्जीवन कार्य में तेजी लाने पर विशेष रूप से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय 237 करोड़ रुपये की सिलसाको बील पुनर्जीवन परियोजना में लगातार सहयोग कर रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य आर्द्रभूमि की जल धारण क्षमता को बहाल करना है और इसे अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि जल शक्ति मंत्रालय ने जल अवसंरचना के विस्तार के साथ-साथ दीर्घकालिक जल सुरक्षा पर भी समान रूप से जोर दिया है। उन्होंने कहा कि इसी प्राथमिकता के तहत केंद्रीय मंत्री के साथ असम में जल जीवन मिशन को मजबूत करने और सिलसाको बील के पुनर्जीवन कार्य में तेजी लाने को लेकर चर्चा हुई।

237 करोड़ रुपये की परियोजना से सिलसाको बील की जल धारण और जल नियंत्रण क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है। इससे बाढ़ नियंत्रण तथा गुवाहाटी की शहरी जल व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में असम और जल शक्ति मंत्रालय के बीच सहयोग और मजबूत होगा। उन्होंने असम में शहरी जल निकायों और आर्द्रभूमियों के पुनर्जीवन के लिए इस सहयोग को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।

राज्य सरकार बाढ़ प्रबंधन को मजबूत करने, जल सुरक्षा बढ़ाने और जलवायु अनुकूल शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के व्यापक प्रयासों के तहत शहरी आर्द्रभूमियों और जल निकायों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को प्राथमिकता दे रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश