home page

असमः बाढ़ प्रभावितों का जायजा लेने ऊपरी असम के चार दिवसीय दौरे पर डिब्रूगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री

 | 
असमः बाढ़ प्रभावितों का जायजा लेने ऊपरी असम के चार दिवसीय दौरे पर डिब्रूगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री


डिब्रूगढ़ (असम), 02 अगस्त (हि.स.)। ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित जिलों के दौरे पर आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा डिब्रूगढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री आगामी 5 अगस्त तक ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जायजा लेंगे। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने आज केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के डिब्रूगढ़ स्थित अपने आवास पर उपस्थित होकर उनके दिवंगत बड़े भाई, भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक, प्रतिष्ठित समाजसेवी मिष्ट प्रसाद सोनोवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि एक सरलता, निष्ठावान कार्यजीवन और उच्च मानवीय मूल्यों से पूर्ण सोनोवाल का निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा की शांति की कामना करते हुए कहा कि, मैं सर्बानंद सोनोवाल और शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं प्रकट करता हूं।

वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री आज डिब्रूगढ़ जिले के चाबुआ, बलिजान, पुखुरीजान, दिनजान और रहमरिया सहित सभी तक कटाव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर परिस्थितियों का निरीक्षण करने के साथ-साथ कटाव के मुख्य कारणों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल संबंधित विभाग युद्धकालीन तत्परता के साथ स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन, इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक और दीर्घकालिक कदम बहुत जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से सरकार कुछ योजनाएं भी बना रही है।

चाबुआ विधानसभा क्षेत्र के खखनिया इलाके का दौरा कर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आईआईटी के विशेषज्ञों के साथ जल्दी ही बैठक में मिलकर कटाव प्रतिरोधी रूपरेखा अपनाने की तैयारी की जा रही है।

वहीं, बाढ़ प्रभावित इलाकों में विद्युत आपूर्ति को बहाल किए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि परिस्थितियों की प्रतिकूलताओं को झेलते हुए भी प्रभावित क्षेत्र में बिजली पहुंचाकर लोगों को थोड़ी राहत देने के लिए लगातार प्रयास जारी है! हमारी बिजली योद्धाओं के काम की ईमानदारी की हम सराहना करते हैं।

वहीं, खारजान चाय बागान में श्रीश्री जगन्नाथ महाप्रभु की मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की। इस बीच शांतिपूर्ण आत्मिक माहौल में खारजान चाय बागान में स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। सम्मान एवं स्वागत पाकर मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस बीच मुख्यमंत्री ने बताया कि आज गांव में मुश्किल हालात को समझने जाते समय एक स्थानीय युवा के साथ हुई बातचीत ने मुझे काफी प्रभावित किया। लोगों की सामूहिक भलाई के प्रति युवा का आत्मविश्वास और सोच वाकई सराहनीय है। जब लोग कल्याणकारी काम में ऐसे स्वेच्छा से आगे आते हैं, तो सरकार का संकल्प भी अधिक मजबूत होता है। मुख्यमंत्री सरकारी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर बाढ़ प्रभावितों के लिए उठाए जा रहे कदमों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय