अरुणाचल सीमा विवाद में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, मुख्यमंत्री ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
गुवाहाटी, 12 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अरुणाचल प्रदेश सरकार से हालिया सीमा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा से सटे पांच क्षेत्रों के 52 गांवों के लोगों की समस्याओं का अभी तक पूरी तरह समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि असम-अरुणाचल सीमा से जुड़े सभी मुद्दों का जल्द ही पूरी तरह समाधान कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के नामघरों को 20 अगस्त से पहले डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। जिन क्षेत्रों में बाढ़ से घर पूरी तरह नष्ट हुए हैं, वहां मॉडल आवासीय परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। जिन क्षेत्रों में मवेशियों का नुकसान हुआ है, वहां पशुधन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही इन क्षेत्रों को दुग्ध उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 72 यूट्यूबरों ने बाढ़ के नाम पर धन संग्रह किया था। सरकार इस बात पर नजर रख रही है कि संग्रहित धन वास्तव में बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचा है या नहीं। उन्होंने समय गोगोई जैसे यूट्यूबरों द्वारा बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अच्छा काम करने वालों को सम्मानित करना सरकार का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने शिवसागर और चराईदेव जिलों के लोगों से अस्थायी ईएमआई राहत के लिए 30 अगस्त तक बैंकों में आवेदन करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित चार जिलों के लोगों से जल्द से जल्द बीमा दावे दाखिल करने की अपील की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

