home page

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने वित्त मंत्री को बाढ़ राहत कार्यों की जानकारी दी, केंद्र ने सहयोग का दिया भरोसा

 | 
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने वित्त मंत्री को बाढ़ राहत कार्यों की जानकारी दी, केंद्र ने सहयोग का दिया भरोसा


गुवाहाटी, 21 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की और राज्य में हाल की बाढ़ से हुए नुकसान, राहत एवं पुनर्वास कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण की तैयारियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री को बाढ़ से हुए नुकसान के आकलन की मौजूदा स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा तैयार की जा रही कार्ययोजना से अवगत कराया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों की आजीविका बहाल करने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी।

बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त मंत्री ने असम की चिंताओं को “पूरे ध्यान और संवेदनशीलता” के साथ सुना। उन्होंने राज्य की आवश्यकताओं पर वित्त मंत्री की सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया।

सीतारमण ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि भारत सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनके जीवन को दोबारा पटरी पर लाने के प्रयासों में असम के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

मुख्यमंत्री की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब असम सरकार बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही पुनर्वास, पुनर्निर्माण और प्रभावित लोगों की आजीविका बहाल करने की दिशा में अगले चरण की तैयारियों में जुटी है। शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट जिले बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश