home page

मुख्यमंत्री ने जलुकबारी में लॉन्च किया 'बूथ विजय अभियान'

 | 
मुख्यमंत्री ने जलुकबारी में लॉन्च किया 'बूथ विजय अभियान'


गुवाहाटी, 05 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार काे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर पहुंच को मजबूत करने के मकसद से, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए लॉन्च किए गए 'बूथ विजय अभियान' के तहत जलुकबारी विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 32 के निवासियों से मुलाकात की।

पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर पर घर-घर जाकर लोगों से जुड़ने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि आने वाले चुनावों को देखते हुए, भाजपा ने आज 'बूथ विजय अभियान' नाम से एक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत, हमारे कार्यकर्ता एक बूथ के हर घर में जाएंगे और हर घर में भाजपा का झंडा फहराएंगे।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह काम लोगों की सहमति से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सारा काम परिवार की इजाजत से किया जाएगा, उन्होंने मतदाताओं के साथ स्वैच्छिक भागीदारी और सीधे बातचीत पर पार्टी के फोकस को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि यह अभियान असम में जमीनी स्तर पर समर्थन जुटाने और भाजपा की संगठनात्मक उपस्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने भी 'बूथ विजय अभियान' का आगाज अपने संसदीय क्षेत्र दरंग उदालगुड़ी में किया। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक घर में पहुंचकर लोगों से संवाद कर पार्टी के कार्यक्रमों से लोगों को अवगत कराएंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा है कि यह रणनीति हाल ही में दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की उपस्थिति में तैयार किया गया। इसके तहत प्रत्येक सांसद एवं विधायक को अधिक से अधिक लोगों के घरों तक पहुंचकर संवाद करेंगे।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय