home page

भाजपा मियां विरोधी नहीं, बाल विवाह और बहुविवाह के खिलाफ : मुख्यमंत्री

 | 
भाजपा मियां विरोधी नहीं, बाल विवाह और बहुविवाह के खिलाफ : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 25 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा मियां समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि पार्टी बाल विवाह और बहुविवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करती है। मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रवादी मियां समुदाय के लोग आगामी नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को वोट देंगे। उन्होंने दावा किया कि यदि नगांव में कांग्रेस पराजित होती है तो कांग्रेस अगले 100 वर्षों तक सत्ता में वापस नहीं आएगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग को लेकर सिटीजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (सीजेपी) द्वारा 48 घंटे की समय-सीमा दिए जाने पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल किया कि क्या केवल सीजेपी के कहने पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि जब कुछ लोग अपने माता-पिता की बात तक नहीं सुनते, तो क्या वे सीजेपी की बात सुनेंगे।

मुख्यमंत्री ने मिंसिंग स्वायत्तशासी परिषद और सोनोवाल कछारी स्वायत्तशासी परिषद के चुनावों को लेकर कहा कि भाजपा या किसी अन्य राजनीतिक दल से जुड़े लोग चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, वे चुनाव में अपनी पार्टी के नाम या चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अभियान को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में असम की एक पहल के रूप में पेश किया गया। इसके तहत भारत के विभिन्न हिस्सों के स्टार्टअप, नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश