चित्रकार आद्य शर्मा एवं कवि बिनंद चंद्र बरुवा को उनकी पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने किया याद
गुवाहाटी, 22 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज असम की दो प्रसिद्ध हस्तियों को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध चित्रकार आद्य शर्मा को उनकी पुण्यतिथि पर अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए प्रेषित एक संदेश में कहा है कि 'विष्णु राभा पुरस्कार', 'नलबारी रत्न' आदि विभिन्न सम्मानों से सम्मानित इस 'जीवन कलाकार' ने सिर्फ चित्रकला की दुनिया में ही नहीं, अपितु भ्रम्यमान थिएटर में कला-निर्देशक के रूप में अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया।
नलबारी के लोगों के बीच 'गुरुजी' के नाम से प्रसिद्ध उनका जीवनदर्शन, अनुशासन और कलाकार के रूप में उनकी सच्चाई हमेशा भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने असमिया काव्य साहित्य के प्रातःस्मरणीय कवि बिनंद चंद्र बरुवा को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धा के साथ मुख्यमंत्री ने याद किया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि देशभक्ति से प्रेरित उनकी कविताएं असम की गौरवमयी परंपरा और राष्ट्रीय चेतना की प्रबल गूंज हैं। साहित्य के अलावा शैक्षिक क्षेत्र में भी प्रेरणा देने वाली आवाज़, कवि की सृजनशीलता हमारे राष्ट्रीय जीवन को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

