home page

भूपेन दा की की रचनाओं को सुनने पर हर बार कुछ नया मिलता है: मुख्यमंत्री हिमंत

 | 
भूपेन दा की की रचनाओं को सुनने पर हर बार कुछ नया मिलता है: मुख्यमंत्री हिमंत


गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा बीते कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहते हुए वर्ष भर चले भारत रत्न, सुधाकंठ की उपाधि से सम्मानित डॉ. भूपेन हजारिका की वर्ष भर चले शताब्दी जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम के आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए कहा है, पिछले साल के लगभग आरंभ से ही हमारी योजना तैयार हो गई थी और तब से, खासकर पिछले कुछ हफ़्तों में, हम सुधाकंठ डॉ. भूपेन हज़ारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन समारोह की तैयारियों में काफी व्यस्त हैं। इस दौरान जब भी थोड़ा समय मिलता है, हम सुधाकंठ के गीतों को फिर से सुनने का प्रयास कर रहे हैं। हर बार हमें उनकी रचना में कुछ नया मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा है, मैं संगीत का विशेषज्ञ नहीं हूं, लेकिन एक संगीत प्रेमी के रूप में भूपेन दा की रचनाओं की व्यापकता और गहराई मुझे बार-बार हैरान कर देती है। खासकर एक बात मुझे बार-बार सोचने पर मजबूर करती है, एक कलाकार एक ही समय में अलग-अलग भाषाओं, अलग-अलग संगीत शैलियों और अलग-अलग सांस्कृतिक परिवेश में इतना अद्वितीय काम कैसे कर सकता है!

असमिया संगीत से लेकर बंगाली, हिंदी और कई अन्य भाषाओं के संगीत तक उनका भ्रमण अद्भुत था। हर भाषा में उन्होंने सिर्फ गाना ही नहीं गाया, बल्कि कालजयी संगीत रचा। गीत के विषय का चयन, सुर की विविधता और शब्दों के जरिए व्यक्त की गई भावनाएं हर भाषा के श्रोताओं के दिल को छूने में सक्षम थीं। भाषा बदल गई, सुर की धारा बदल गई, लेकिन उनके गीतों की अंतर्निहित मानवीय भावनाएं और जीवन के प्रति नजरिया वही था।

भूपेन दा का एक और अनोखा परिचय था उनके समकालीन कई महान कलाकारों के साथ बने रिश्ते और रचनात्मक सहयोग। किशोर कुमार, लता मंगेशकर, मोहम्मद रफ़ी, हेमंत मुखर्जी समेत भारतीय संगीत जगत की कई दिग्गज शख्सियतों के साथ उनके संबंध और सहयोग ने संगीत के एक अद्भुत मिलन को जन्म दिया। ये संगीत सहयोग सिर्फ कलाकारों के बीच आदान-प्रदान नहीं थे, इसके माध्यम से उन्होंने असम के संगीत, असम की मिट्टी और लोगों की भावनाओं को देश के बड़े सांस्कृतिक परिदृश्य तक पहुंचाने की कोशिश की। असम से शुरू हुई भूपेन दा की रचनात्मक यात्रा ने देश की सीमाओं को पार करके दुनिया के विभिन्न हिस्सों के श्रोताओं के दिलों को छू लिया।

भूपेन दा के गीतों में कभी-कभी असम की नदियों और प्रकृति की बातें होती हैं, कभी-कभी मजदूरों की जिंदगी और संघर्ष की, कभी-कभी प्रेम और मानवता का संदेश और कभी समाज के प्रति सवाल और समय के प्रति जिम्मेदारी। उनकी हर रचना के पीछे एक गहरी जीवन की समझ होती थी। इसलिए उनके गीत सिर्फ सुनने के लिए नहीं, महसूस करने के लिए भी होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय