home page

पिकनिक को लेकर मुख्यमंत्री ने लोगों से सचेत रहने का किया आह्वान

 | 
पिकनिक को लेकर मुख्यमंत्री ने लोगों से सचेत रहने का किया आह्वान


गुवाहाटी, 20 नवंबर (हि.स.)। शीत ऋतु के आरंभ एवं अंग्रेजी नव वर्ष के मद्देनजर राज्य में पिकनिक को लेकर राज्य के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पिकनिक के दौरान होने वाले सड़क हादसे एवं अन्य घटनाओं को लेकर हमेशा से सवाल उठते रहे हैं। इस कड़ी में आज असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि, क्या मुझे पिकनिक मनाने के लिए सरकार से अनुमति लेनी चाहिए? यह सवाल आपके मन में भी हो सकता है...।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि सर्दियों के आने के साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिकनिक का मौसम भी शुरू हो जाता है। परिवार, दोस्त और अपनों के साथ इस आनंद की यात्रा किसी के लिए आजीवन दुख और शोक का कारण न बने, यह बात भी हमें हमेशा ध्यान में रखनी चाहिए।

पिकनिक के मौसम में राज्य में दुर्घटनाओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। कई लोग दूरदराज के पिकनिक स्थल तक जल्दी पहुंचने के उद्देश्य से रात में या सुबह-सुबह यात्रा शुरू कर देते हैं। खासकर सुबह के 3-4 बजे के समय में इस तरह की यात्राओं का रुझान देखा जाता है। सर्दियों में इस समय पर धुंध के कारण रास्ते की दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसी परिस्थितियों में थोड़ी भी लापरवाही, अधिक गति या चालक की थोड़ी सी गड़बड़ी भी भयानक दुर्घटना का रूप ले सकती है। इसके अतिरिक्त पिकनिक के आनंद में शराब पीकर वाहन चलाना, निर्धारित गति सीमा पार करना, वाहन में सीट की क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जाना और वाहन कानून की अवहेलना करना भी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बन जाते हैं।

इन सभी बातों का ध्यान रखते हुए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कुछ सुझाव दिये हैं। जिसमें सुबह एवं देर रात की यात्रा से बचें, विशेष पोर्टल की व्यवस्था एवं शराब पीकर ड्राइव करने के खिलाफ सख्त कदम उठाए गये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि ऐसे में पिकनिक पर जाने से पहले वाहन के ब्रेक, टायर, लाइट और अन्य मैकेनिकल सिस्टम की जांच करें। वाहन में अनुमत सीट संख्या से अधिक यात्री न ले जाएं। बारिश के समय गति कम करें, अन्य वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और अगर दृश्यता बहुत कम हो तो सुरक्षित जगह पर रूककर मौसम बेहतर होने का इंतजार करें। लंबी यात्रा में ड्राइवर को आराम दें और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। आप सुरक्षित घर लौटते हैं यही आपके परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय