नेपालीखूंटी के बाढ़ पीड़ितों को मुख्यमंत्री का भरोसा, हर प्रभावित परिवार को मिलेगी मदद
शिवसागर (असम), 05 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित नेपालीखूंटी और नाजिरा क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों को चार लाख और पांच लाख रुपये की सहायता राशि के चेक अभी तक नहीं मिले हैं, उन्हें तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ में क्षतिग्रस्त घरों तथा मरे हुए मवेशियों की सूची तत्काल तैयार करने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार सभी क्षतिग्रस्त घरों का पुनर्निर्माण कराएगी और जिन परिवारों के गाय-बैल बाढ़ में मर गए हैं, उन्हें नए पशु उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, मृत व्यक्ति को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन सरकार हर संभव सहायता करेगी। सभी प्रभावित परिवारों के घर बनाए जाएंगे और उन्हें पुनर्वास में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नाजिरा के बामुनपुखुरी स्थित उस परिवार से भी मिले, जिसके सदस्य रिदिन पाणीकार की बाढ़ के दौरान अपने पालतू कुत्ते को बचाने की कोशिश में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने नेपालीखूंटी में दूध प्रसंस्करण (मिल्क प्रोसेसिंग) इकाई स्थापित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिन बाढ़ पीड़ितों को अभी तक 15 हजार रुपये की राहत राशि नहीं मिली है, उन्हें शीघ्र ही चेक के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने नाजिरा के बामुनपुखुरी में बाढ़ की स्थिति का भी जायजा लिया, जहां विनाशकारी बाढ़ से चाय बागानों के श्रमिकों के आवास पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने चाय बागान श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित पुनर्वास एवं सहायता का भरोसा दिया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

