home page

स्नातक युवाओं को ‘जीवन प्रेरणा’ योजना की राशि जारी, 48,188 लाभार्थियों को मिलेगा लाभ

 | 
स्नातक युवाओं को ‘जीवन प्रेरणा’ योजना की राशि जारी, 48,188 लाभार्थियों को मिलेगा लाभ


गुवाहाटी, 01 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को स्नातक उत्तीर्ण युवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री जीवन प्रेरणा’ योजना की राशि जारी की। राशि जारी करने के बाद संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत नवस्नातकों को चार महीने की राशि एक साथ दी जा रही है। प्रत्येक लाभार्थी को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। इस चरण में कुल 48,188 विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद रोजगार या करियर के अगले चरण के लिए आर्थिक सहयोग देना है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में विश्वास और भरोसा सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने इस अवसर पर युवाओं के साथ एक प्रेरणादायक कहानी भी साझा की।

सीएम-फ्लाइट से विश्वस्तरीय मानव संसाधन तैयार करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री विदेशी भाषा प्रशिक्षण योजना’ के तहत सीएम-फ्लाइट योजना की राशि भी जारी की। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से विश्वस्तरीय मानव संसाधन तैयार करने को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए प्रत्येक चयनित उम्मीदवार को एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा कर रोजगार प्राप्त करने के बाद प्रत्येक उम्मीदवार को 50 हजार रुपये का अतिरिक्त अनुदान दिया जाएगा।

तीन जिलों के 16,746 बाढ़ प्रभावित परिवारों को 15-15 हजार रुपये

मुख्यमंत्री ने शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट जिलों के उन बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए अंतरिम बाढ़ सहायता की पहली किस्त भी जारी की, जिन्हें पूर्व में सहायता नहीं मिल सकी थी।

मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 16,746 परिवारों को 15-15 हजार रुपये की सहायता प्रदान की। इसके साथ ही राज्य में अंतरिम बाढ़ सहायता से लाभान्वित परिवारों की कुल संख्या बढ़कर 1,17,095 हो गई है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश