असम में मार्च 2027 में नगर निकाय और अप्रैल में गुवाहाटी नगर निगम के चुनाव होंगे: मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 03 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को कहा कि राज्य में विभिन्न नगर निकायों के चुनाव मार्च 2027 में और गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) के चुनाव अप्रैल 2027 में कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने भाजपा की कोर कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बैठक में मुख्य रूप से राज्य के स्वायत्त परिषदों के चुनावों के साथ-साथ नगर निकायों और गुवाहाटी नगर निगम के चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बिजली की दरों में हाल ही में की गई वृद्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एपीडीसीएल) द्वारा प्रति यूनिट बिजली की दरों में की गई बढ़ोतरी अस्थायी है। यह वृद्धि लंबे समय तक जारी नहीं रहेगी।
उन्होंने बताया कि भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए दिसंबर महीने में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में होगा।
कांग्रेस के मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी केवल मल्लिकार्जुन खड़गे के घर के बरामदे में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश की लोकसभा में राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते और नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्तारूढ़ दल को आंदोलन करने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने भाजपा के आंदोलन को सकारात्मक बताते हुए कहा कि यह आंदोलन शिक्षा और विकास के समर्थन में है।
अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में भाजपा के बढ़ते जनाधार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी अपने वैचारिक सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह और बहुविवाह की प्रथा को हर हाल में समाप्त करना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संगठन का विस्तार करने के साथ-साथ अपनी विचारधारा पर भी कायम रहेगी।
गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन शुरू करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम अब आसमान छूने के सपने देख रहा है और राज्य अब उड़ान भरना सीखेगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

