home page

बाढ़ प्रभावित चराईदेव-शिवसागर के 100 प्राथमिक विद्यालयों को दो-दो लाख रुपये की सहायता मिलेगी: मुख्यमंत्री

 | 
बाढ़ प्रभावित चराईदेव-शिवसागर के 100 प्राथमिक विद्यालयों को दो-दो लाख रुपये की सहायता मिलेगी: मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 27 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने फेसबुक लाइव के माध्यम से बीती रात घोषणा की कि बाढ़ प्रभावित चराईदेव और शिवसागर जिलों के 100 प्राथमिक विद्यालयों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस राशि का उपयोग विद्यालयों की मरम्मत, छात्रों की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं तथा यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने आदि पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजसेवी आध्यात्मिक संस्था सत्संग द्वारा उपलब्ध कराए गए दो करोड़ रुपये के सहयोग से यह सहायता दी जा रही है।

डॉ. सरमा ने यह भी घोषणा की कि 1 अगस्त से असम विधानसभा का सत्र समाप्त होने के बाद राज्य सरकार के सभी मंत्री बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि मंत्री प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करेंगे तथा पुनर्निर्माण और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश