असम में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मना छठ महापर्व, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न
-गुवाहाटी समेत राज्य के विभिन्न जिलों में दिखा उत्साह, ब्रह्मपुत्र के तट पर सजाए गए आकर्षक छठ घाट
गुवाहाटी, 16 नवंबर (हि.स.)। देश के अन्य हिस्सों की तरह असम में भी सोमवार को लोक आस्था का महापर्व छठ धूमधाम से मनाया गया। कार्तिक शुक्ल सप्तमी के अवसर पर व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ अनुष्ठान संपन्न हो गया। गुवाहाटी, तिनसुकिया, धुबड़ी, नगांव, मोरीगांव, शोणितपुर और कोकराझार सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व मनाया।
राजधानी गुवाहाटी में छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सूर्योपासना के इस महापर्व में बड़ी संख्या में हिंदी भाषी परिवारों ने भाग लिया। 13 नवंबर से शुरू हुए चार दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा किया।
छठ पूजा के लिए महानगर के विभिन्न जलस्रोतों के किनारे विशेष घाट बनाए गए थे। ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर भी श्रद्धालुओं ने आकर्षक ढंग से घाटों को सजाया था। शुक्लेश्वर घाट से फैंसीबाजार, काचमारी घाट और भरलुमुख तक नदी किनारे छठ पूजा की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा गुवाहाटी के आजारा से सूनचाली तक ब्रह्मपुत्र के विभिन्न तटों पर भी व्रतियों के लिए घाट तैयार किए गए थे।
महानगर के पांडु, मालीगांव, कालीपुर, सुआलकुची, ज्योतिकुची, वशिष्ठ आश्रम और मीन सरोवर सहित विभिन्न जलाशयों एवं तालाबों में भी छठ पूजा का आयोजन किया गया। सुबह के अर्घ्य के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण छठ गीतों तथा सूर्योपासना से भक्तिमय बना रहा।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

