home page

तेरह दिवसीय कार्यक्रम के साथ छयगांव चंपकनगर सार्वजानिक रास महोत्सव का आयोजन

 | 

कामरूप (असम), 24 नवंबर (हि.स.)। राज्य के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ ही कामरूप (ग्रामीण) जिले के छयगांव में भी आज से 6 दिसंबर तक 13 दिवसीय कार्यक्रमों के साथ छयगांव चंपकनगर सार्वजानिक रास महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। छयगांव रास क्षेत्र में आयोजित होने वाले 69वें रास महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन असम सरकार के मंत्री कौशिक राय करेंगे। इस अवसर पर रास महोत्सव उत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. कमला कलिता की अध्यक्षता में होने वाले उद्घाटन सभा में मुख्य वक्ता के रूप में भागवत वाचक ध्रुवज्योति डेका उपस्थित रहेंगे।

रास महोत्सव के साथ जुड़े हुए सारंगपाणि नामक मुखपत्र का अनावरण पुलिस आयुक्त डॉ. पार्थसारथी महंत और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नारायण शर्मा करेंगे। समारोह में पलाशबारी के विधायक हिमांशुशेखर वैश्य समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। इस बीच आज सुबह डॉ. कमला कलिता ने धर्मध्वज

फहराया। शाम को राधा-कृष्ण की युगल मूर्ति स्थापना, जय जगन्नाथ की प्रतिमा स्थापना, भागवत स्थापना के बाद पूजा शुरू होगी। 25 नवंबर से 6 दिसंबर तक रोज़ सुबह नियमित पूजा के अलावा दिन में भी भागवत पाठ चलता रहेगा।

इसके अलावा 5 दिसंबर से शाम के समय सैताली और घोषानाम प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बीच में 7 दिनों तक सात यात्रा पार्टियों की प्रतियोगिता के आयोजन के साथ ही अन्य दिनों में बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कृष्ण प्रतियोगिता, जुबीन गर्ग संगीत प्रतियोगिता, भूपेंद्र संगीत प्रतियोगिता के अलावा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 6 दिसंबर की शाम को रास महोत्सव का समापन समारोह और पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

पुरस्कार वितरण सभा में कुछ राजनीतिक नेता, साहित्यकार और विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। रात 10 बजे उपहार खेल का आयोजन किया जाएगा। रात 11 बजे आमंत्रित छयगांव के विष्णु ज्योति मिनी थिएटर द्वारा नाट्य का मंचन होगा। लगभग 80 लाख रुपये के बजट में निर्धारित रास महोत्सव में मुख्य मंडप समेत 35 मंडपों में मिट्टी की मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं।

इसके अलावा रासोत्सव के साथ आनंद मेला, सागरी सुरंग, जलपरी, भूत बंगला, व्यापार मेला आदि मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है। उक्त रासोत्सव में सभी वर्गों के लोगों से आयोजन समिति ने मदद और सहयोग की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय