लखीपथार में अवैध शिकारियों ने काटे जिंदा पालतू हाथी के दोनों दांत
तिनसुकिया (असम), 18 अप्रैल (हि.स.)। राज्यभर में रंगाली बिहू के उल्लासपूर्ण माहौल के बीच तिनसुकिया के लखीपथार वनक्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई हुई। अवैध शिकारियों ने एक जिंदा पालतू हाथी के दोनों दांत काट लिए। इस घटना को लेकर इलाके में भारी रोष व्याप्त है।
घटना के संबंध में हाथी के महावत के अनुसार, मार्घेरिटा के सोनजॉय दोवानिया नामक व्यक्ति के स्वामित्व वाले मंगल सिंह नामक हाथी को चराने के लिए वन विभाग को सूचित करते हुए लखीपथार वनक्षेत्र में रखा गया था। अन्य दिनों की तरह बीते 14 अप्रैल की शाम को भी हाथी को निर्दिष्ट स्थान पर बांधकर माहवत अपने घर चला गया। अगले दिन यानी 15 अप्रैल की सुबह बांधे गये स्थान पर जब हाथी नहीं देखा गया, तो इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई।
महावत के अनुसार हाथी पहले कई बार अपने बंधन को छुड़ाकर आसपास के इलाकों में घूमने चला जाता था, इसी आशंका के मद्देनजर उसकी आसपास के क्षेत्रों में काफी समय तक खोजबीन किया गया। लंबे समय के बाद अत्यंत कमजोर स्थिति में जंगल के बीचों-बीच हाथी को पाया गया, हाथी के दोनों दांत काट लिये गये थे, जिसके चलते हाथी बेहद दर्द की स्थिति में था। इस बीच, घटना के संबंध में वन विभाग के लोगों को जानकारी देकर हाथी का इलाज शुरू किया गया है।
दुष्कर्मी ने निर्दयता से जीवित हाथी के दोनों दांत काटने के कृत्य की सभी ने निंदा की है। प्रकृति प्रेमियों ने कहा है कि इसे मानवता का पतन कहा जा सकता है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि वन विभाग एवं पुलिस घटना को अंजाम देने वाले अवैध शिकारियों की तलाश में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

