गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
-पश्चिम बंगाल से बाइक पर गांजा लेकर आ रहा था तस्कर, गोलकगंज के गढ़ेरहाट में हादसे के बाद खुलासा
धुबड़ी (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। धुबड़ी जिले के गोलकगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आगमनी के गढ़ेरहाट इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-17 पर सड़क दुर्घटना के बाद गांजा तस्करी का मामला सामने आया। पुलिस ने घटनास्थल से 1.4 किलो गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रफीकुल शेख के रूप में हुई है। वह कोकराझार जिले के हकमत का निवासी बताया गया है।
पुलिस की ओर से शनिवार को बताया गया कि शुक्रवार देर रात पश्चिम बंगाल से आ रही एक बाइक (एएस-16एन-7669) गढ़ेरहाट में राष्ट्रीय राजमार्ग-17 पर एक ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बाइक पर रखे बैग में गांजा देखा।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना आगमनी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक की तलाशी ली। इस दौरान बैग से 1.4 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ ही बाइक सवार रफीकुल शेख को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है। दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

