असम कैंसर केयर फाउंडेशन का मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय : अशोक सिंघल
- राज्य कैंसर संस्थान का दौरा कर स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा सेवाओं और आधुनिक तकनीकों की प्रगति का लिया जायजा
गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम में कैंसर के उपचार के क्षेत्र में असम कैंसर केयर फाउंडेशन द्वारा की गई पहल और विकसित चिकित्सा सेवा नेटवर्क देश के अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय मॉडल बनकर उभरा है। यह बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने शुक्रवार को गुवाहाटी स्थित फाउंडेशन के अधीन संचालित राज्य कैंसर संस्थान के दौरे के दौरान कही।
दौरे के दौरान मंत्री ने संस्थान के विभिन्न विभागों में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत संरचनाओं, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों तथा मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर मंत्री ने मरीजों के बीच फलों की टोकरी वितरित की।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिंघल ने कहा कि असम कैंसर केयर फाउंडेशन ने कैंसर के उपचार के लिए एक सुव्यवस्थित और प्रभावी कार्यप्रणाली विकसित की है। देश के कई अन्य राज्यों ने भी इस मॉडल को अपनाने में रुचि दिखाई है।
उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों के इस्तेमाल के मामले में भी असम ने उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रोटॉन थेरेपी जैसी उन्नत उपचार सुविधाओं को राज्य में उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्री ने फाउंडेशन की विभिन्न नवोन्मेषी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि मैमोग्राफी जांच के क्षेत्र में संस्थान ने देश में पहली बार एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन कैंसर की समय रहते पहचान, उन्नत उपचार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।
सिंघल ने उम्मीद जताई कि असम कैंसर केयर फाउंडेशन आने वाले दिनों में भी राज्य के लोगों को विश्वस्तरीय कैंसर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराता रहेगा तथा असम को कैंसर उपचार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर तेजपुर के विधायक पृथ्वीराज राभा, असम कैंसर केयर फाउंडेशन के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. जय प्रकाश प्रसाद, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ. बाबुल बेजबरुवा, अधीक्षक डॉ. देवजीत चौधरी सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

