कछार पुलिस ने जब्त किया 16,000 संदिग्ध 'याबा' टैबलेट, एक व्यक्ति गिरफ्तार
-सैदुल हक लस्कर के घर पर पुलिस की छापेमारी, आरोपित के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद
कछार (असम), 16 नवंबर (हि.स.)। असम के बराक घाटी स्थित कछार जिले में पुलिस ने रविवार रात छापेमारी कर करीब 16 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त कीं। बरामद टैबलेट का कुल वजन लगभग एक किलो 750 ग्राम बताया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने कचुदारम थाना क्षेत्र के अंतर्गत कचुदारम पार्ट-चार स्थित एक मकान में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस उपाधीक्षक (विशेष शाखा) दिलराज पाठक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान संदिग्ध नशीले पदार्थ बरामद हुए।
पुलिस ने कछार जिले के सोनाबारीघाट निवासी अताउल्लाह लस्कर को नशीले पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, यह छापेमारी सैदुल हक लस्कर के मकान पर की गई थी, जहां से अताउल्लाह लस्कर को गिरफ्तार किया गया। जब्त नशीले पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
कछार पुलिस जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। ताजा बरामदगी को इसी कार्रवाई की कड़ी माना जा रहा है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

