सवा करोड़ मूल्य की हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार
कछार (असम), 09 मार्च (हि.स.)। कछार पुलिस ने असम रायफल्स के जवानों के साथ सिलचर बाईपास पर एक कार से 1.25 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
कछार पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक खुफिया सूचना के आधार पर असम पुलिस और 38वीं असम राइफल्स ने रविवार की रात एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान धोलाई से सिलचर की ओर जा रही एक सफेद रंग की मारुति कार को रात करीब 9:30 बजे सिलचर बाईपास पर रोका। गाड़ी की तलाशी के दौरान लगभग 209 ग्राम वजन वाली हेरोइन से भरे 17 प्लास्टिक के साबुनदानी बरामद हुई। काले बाजार में जब्त सामान की कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी गयी है। पुलिन ने चालक सहजउद्दीन (35) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार व्यक्ति से सघन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

