कटीगोरा में 3,000 याबा टैबलेट ज़ब्त, ड्रग्स तस्कर गिरफ़्तार
कछार (असम), 13 जुलाई (हि.स.)। राज्य सरकार के ड्रग्स-विरोधी अभियान के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में कछार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कटीगोरा में बीती देर रात एक अभियान के दौरान 3,000 याबा टैबलेट ज़ब्त करने के साथ और एक कथित ड्रग्स तस्कर को गिरफ़्तार किया।
खुफिया जानकारी के आधार पर कटीगोरा और कलाइन पुलिस स्टेशनों की एक संयुक्त टीम ने कटीगोरा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले केएच रोड के पास लतीमारा इलाके में छापेमारी की। अभियान के दौरान, पुलिस ने प्रतिबंधित याबा की 3,000 टैबलेट बरामद किया और एक संदिग्ध को पकड़ा।
गिरफ़्तार आरोपित की पहचान हसन अहमद के तौर पर हुई है, जो कछार ज़िले के कटीगोरा पुलिस स्टेशन के तहत लहमली गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच चल रही है।
शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, जब्त की गई याबा टैबलेट की कीमत अवैध बाज़ार में लाखों रुपये बतायी गयी है। अधिकारियों ने इस ज़ब्ती को ज़िले में ड्रग्स तस्करी के ख़िलाफ़ कछार पुलिस के लगातार चल रहे अभियान में एक और बड़ी कामयाबी बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

