कछार पुलिस ने सात अभियानों में 13 अपराधियों को किया गिरफ्तार
कछार (असम), 22 जुलाई (हि.स.)। कछार जिला के विभिन्न इलाकों में पुलिस द्वारा बीते दो दिनों में चलाए गये सात अभियानों में कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान मादक पदार्थ, यूरिया खाद, भारी मात्रा में हेरोइन, गांजा, याबा टैबलेट्स एवं अन्य सामग्री बरामद किया गया है।
कछार पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार काे दी गयी जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों में सात अभियान चलाए गए। इस दौरान कचुदारम थाना क्षेत्र से दस साबुनदानी में छिपाए गये संदिग्ध हेरोइन (119.11 ग्राम) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपित को पकड़ा गया।
वहीं, धोलाई थाना की पुलिस द्वारा रोके गए एक ऑटो-रिक्शा से चार साबुनदानी में छिपाकर लाए गये संदिग्ध हेरोइन (49 ग्राम) बरामद कर एक आरोपित को पकड़ा गया। इसी कड़ी में सिलचर थाना क्षेत्र की पुलिस ने 2.113 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद कर दो आरोपित को गिरफ्तार किया।
कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर बाईपास इलाके से 26 शीशियों में छिपाकर लाए गये संदिग्ध हेरोइन (0.79 ग्राम) बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
जिरीघाट थाना की पुलिस ने एक मोटरसाइकिल से 20 साबुनदानी में छिपाकर लाए गये संदिग्ध हेरोइन (234 ग्राम) बरामद किये गये। साथ ही एक आरोपित को पकड़ा गया।
सिलचर थाने की पुलिस ने एक वैगनआर (एएस-11सी-4461) से संदिग्ध याबा टैबलेट (24,000 टैबलेट) बरामद किया गया। पुलिस ने एक गाड़ी और चार मोबाइल फोन ज़ब्त किए। इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
धोलाई थाना क्षेत्र के लैलापुर इलाके से दो ट्रकों से भारत यूरिया फर्टिलाइज़र के 1,050 बैग (प्रत्येक 45 किलोग्राम) बरामद किये गये। इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
सातों अभियानों में बरामद कुल संदिग्ध हेरोइन के 34 साबुन के डिब्बे व 26 शीशियां (402.90 ग्राम), संदिग्ध याबा टैबलेट (24,000 टैबलेट), संदिग्ध गांजा (2.113 किलो), भारत यूरिया फर्टिलाइज़र के 1,050 बैग शामिल हैं। वहीं एक वैगनआर कार, एक ऑटो-रिक्शा, एक बाइक, दो ट्रक और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

