असम के कछार जिले में तीन करोड़ की याबा टैबलेट बरामद, एक गिरफ्तार
सिलचर (असम), 15 मई (हि.स.)। असम के कछार जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार काे करीब तीन करोड़ रुपये की संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त करते हुए एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने कबुगंज की ओर से पानीभोरा की तरफ जा रहे ऑटो रिक्शा संख्या एएस 11 सीसी 4449 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 10 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की गई।
बरामद नशीले पदार्थ के साथ पकड़े गए चालक की पहचान हीरामोनी चौधरी के रूप में हुई है, जो हैदोर बाजार और कछुदाराम थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद टैबलेट की जांच ड्रग डिटेक्शन किट (डीडीके) से की गई, जिसमें परिणाम पॉजिटिव पाया गया। जब्त की गई संदिग्ध याबा टैबलेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

