home page

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से चर्चा के बाद होगा असम मंत्रिमंडल का अंतिम फैसला : हिमंत

 | 
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से चर्चा के बाद होगा असम मंत्रिमंडल का अंतिम फैसला : हिमंत


गुवाहाटी, 11 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि नए राज्य मंत्रिमंडल के गठन को लेकर अंतिम निर्णय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लिया जाएगा। नितिन नवीन सोमवार देर रात गुवाहाटी पहुंचने वाले हैं।

मीडिया से आज बातचीत करते हुए डॉ. हिमंत ने कहा कि नई सरकार में शामिल किए जाने वाले मंत्रियों की अंतिम सूची मंगलवार सुबह शपथ ग्रहण समारोह से पहले जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह मंत्रिमंडल गठन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर फोन पर चर्चा करने के बजाय आमने-सामने बातचीत को प्राथमिकता देते हैं।

उन्होंने बताया कि नितिन नवीन रात लगभग 10 बजे लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से होटल तक के सफर के दौरान मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. हिमंत बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं और उनके नेतृत्व में असम में लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का गठन होगा। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को खानापाड़ा में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डॉ. हिमंत ने कहा कि समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री, उद्योगपति, विदेशी राजनयिक, सत्राधिकार तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समेत अधिकांश विशिष्ट अतिथि सोमवार रात तक गुवाहाटी पहुंच जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार का नियमित प्रशासनिक कार्य बुधवार से शुरू हो जाएगा और चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों के अनुरूप सरकार काम करेगी।

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेतृत्व वाले राजग ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करते हुए सत्ता में वापसी की है। भाजपा ने 82 सीटें जीती हैं, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट को 10-10 सीटें मिली हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश