home page

असम मंत्रिमंडल में जल्द होंगे नए चेहरे शामिल, 5 जून को विस्तार संभव

 | 
असम मंत्रिमंडल में जल्द होंगे नए चेहरे शामिल, 5 जून को विस्तार संभव


गुवाहाटी, 31 मई, (हि.स.)। असम सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 5 जून को होने की संभावना है। इसको लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी में आयोजित किया जा सकता है। राज्य की राजनीति में इस विस्तार को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने संकेत दिया है कि विस्तारित मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले विधायकों की सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। मंत्रिमंडल विस्तार के लिए आवश्यक अनुमोदन भी प्राप्त हो गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, शनिवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई मुलाकात के दौरान संभावित मंत्रियों की सूची पर अंतिम सहमति बनी। मुख्यमंत्री ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से 5 जून को मंत्रिमंडल विस्तार होने की जानकारी साझा की है।

राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि इस विस्तार में 7 से 12 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। साथ ही, कुछ विभागों के पुनर्वितरण की भी संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के साथ चार कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद से ही मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करने और प्रशासनिक संतुलन को मजबूत करने को लेकर चर्चाएं तेज थीं। हालांकि, मंत्रिमंडल के अंतिम स्वरूप और संभावित मंत्रियों के नामों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

राज्य मंत्रिमंडल के इस विस्तार पर राजनीतिक दलों और प्रशासनिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे सरकार की आगामी रणनीति और राजनीतिक समीकरणों की झलक मिलने की उम्मीद है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश