असम कैबिनेट ने मुस्लिम विवाह पंजीकरण नियमों को दी मंजूरी, अरुणोदय लाभार्थियों को पूजा बोनस
गुवाहाटी, 24 सितंबर (हि.स.)। असम कैबिनेट ने असम मुस्लिम विवाह पंजीकरण नियम, 2026 को मंजूरी दे दी है। इसके तहत मुस्लिम समुदाय के लोगों को नए नियमों के तहत अपने विवाह का पंजीकरण कराने की सुविधा मिलेगी। कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, विवाह पंजीकरण की सुविधा शुरुआत में निर्धारित पंजीकरण प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। बाद में इसे पंचायत स्तर तक विस्तारित करने की योजना है, ताकि लोगों को विवाह पंजीकरण कराने में अधिक सुविधा मिल सके।
कैबिनेट ने दुर्गा पूजा से पहले अरुणोदय योजना के लाभार्थियों के लिए विशेष पूजा बोनस की भी घोषणा की है। अक्टूबर में लाभार्थियों को नियमित 1,250 रुपये की जगह 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह अतिरिक्त राशि त्योहारी मौसम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अतिरिक्त सहायता देने के उद्देश्य से प्रदान की जाएगी।
अरुणोदय योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के पात्र लाभार्थियों को हर महीने वित्तीय सहायता दी जाती है।
इसके अलावा, कैबिनेट ने अक्टूबर में रियायती चीनी और दाल की कीमत 100 रुपये तय करने का निर्णय लिया है। पहले इन वस्तुओं की प्रस्तावित कीमत 105 रुपये थी।
त्योहारी मौसम से पहले कैबिनेट के इन फैसलों को राज्य सरकार के कल्याणकारी और प्रशासनिक उपायों के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

