बुलेट ट्रेन, अगरवुड निर्यात और आधुनिक कैंसर उपचार केंद्र के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार : भाजपा
गुवाहाटी, 01 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने राज्य के विकास के लिए शुरू की गई तीन महत्वपूर्ण पहलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने कहा कि दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन परियोजना से पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। प्रस्तावित कॉरिडोर से दिल्ली और गुवाहाटी के बीच यात्रा का समय 8 घंटे से कम होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि गुवाहाटी हवाई अड्डे को अगरवुड चिप्स और तेल के निर्यात के लिए अधिकृत केंद्र घोषित किया गया है। इससे असम के अगरवुड उत्पादकों और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच आसान होगी। हाल ही में राज्य से दुबई को करीब 2.5 करोड़ मूल्य के 123 किलो अगरवुड चिप्स का निर्यात किया गया था।
कलिता ने 600 करोड़ की लागत से असम में देश का पहला सार्वजनिक क्षेत्र का प्रोटॉन बीम थेरेपी केंद्र स्थापित करने की घोषणा को भी ऐतिहासिक बताया। इससे कैंसर मरीजों को अत्याधुनिक और सुलभ उपचार उपलब्ध होगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने भी बुलेट ट्रेन परियोजना को असम और पूर्वोत्तर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

