home page

असम बजट: कृषि के लिए ₹1,789 करोड़, सिंचाई के लिए ₹954 करोड़ का प्रावधान: भाजपा

 | 
असम बजट: कृषि के लिए ₹1,789 करोड़, सिंचाई के लिए ₹954 करोड़ का प्रावधान: भाजपा


गुवाहाटी, 12 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार ने वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 1,789 करोड़ रुपये और सिंचाई विभाग के लिए 954 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का लक्ष्य कृषि का आधुनिकीकरण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना है।

बजट में अगले पांच वर्षों में 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन आधारित सिंचाई नेटवर्क, लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं तथा अन्य आधुनिक सिंचाई ढांचे के विकास की योजना प्रस्तावित की गई है। इसके लिए चालू वित्त वर्ष में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सरकार ने कृषकों के लिए कृषि सा-साजुली योजना, धान, मक्का और सरसों की खरीद पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि, डेयरी किसानों के लिए अनुदान, जैविक खेती को बढ़ावा, कृषि निर्यात हेतु एयर कार्गो सुविधा तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सशक्त बनाने की भी घोषणा की है।

भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने बजट का स्वागत करते हुए इसे समावेशी और परिवर्तनकारी बताया। उन्होंने कहा कि कृषि और सिंचाई पर बढ़ा हुआ निवेश राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, युवाओं को खेती की ओर आकर्षित करेगा और किसानों के लिए नए बाजार एवं निर्यात के अवसर बढ़ाएगा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश