home page

जोगीघोपा में हुए सड़क हादसे में एक की मौत, तीन घायल

 | 
जोगीघोपा में हुए सड़क हादसे में एक की मौत, तीन घायल


बंगाईगांव (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। जिला के जोगीघोपा इलाके में आज तड़के हुई एक भयावह सड़क दुर्घटना में मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश अली के रूप में हुई है। यह भयावह सड़क दुर्घटना जोगीघोपा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 17 पर नरनारायण पुल के पास हुई।

यह हादसा डंपर और मारुति अल्टो कार के बीच आमने-सामने की टक्कर के चलते हुई। इसके कारण मारुति कार में मौजूद एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल लोगों को प्रारंभिक उपचार के लिए चलंतापारा सामुदाय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया। घायलों की पहचान बादशाह अली, गाजीबर रहमान और अब्दुल सालाम के रूप में की गयी है।

जानकारी के अनुसार मृतक एवं घायल सभी धुबड़ी जिले के बिलासीपारा के रहने वाले बताये गये हैं। डंपर (एएस-01एमसी-3021) बंगाईगांव से ग्वालपाड़ा की ओर जा रहा था और मारुति कार (एएस-01जीयू-2471) ग्वालपाड़ा से बिलासीपारा की ओर जा रही थी। हादसे के कारण इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर जोगीघोपा पुलिस पहुंचकर जाम को खुलवाया। साथ ही हादसे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय