home page

असम में एचएसएलसी और उच्चतर माध्यमिक परीक्षा 2027 का कार्यक्रम घोषित

 | 
असम में एचएसएलसी और उच्चतर माध्यमिक परीक्षा 2027 का कार्यक्रम घोषित


गुवाहाटी, 19 नवंबर (हि.स.)। असम राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एएसएसईबी) ने वर्ष 2027 की हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एचएसएलसी) और उच्चतर माध्यमिक अंतिम परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य के हजारों विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारियों को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो गई है।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार, एचएसएलसी की सैद्धांतिक परीक्षाएं 25 फरवरी, 2027 से शुरू होंगी, जबकि उच्चतर माध्यमिक अंतिम परीक्षाएं 12 मार्च, 2027 से आयोजित की जाएंगी।

एचएसएलसी परीक्षा का संचालन बोर्ड के प्रथम मंडल तथा उच्चतर माध्यमिक परीक्षा का संचालन द्वितीय मंडल द्वारा किया जाएगा। दोनों परीक्षाएं अलग-अलग पालियों में आयोजित होंगी। सुबह की पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक निर्धारित है। दोनों परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं जनवरी, 2027 में आयोजित किए जाने का कार्यक्रम है।

उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के साथ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के परीक्षार्थी भी शामिल होंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश