असम प्रदेश भाजपा ने एक देश-एक चुनाव समेत तीनों विधेयकों का किया स्वागत
गुवाहाटी, 16 अप्रैल (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार से आरंभ तीन दिवसीय संसद के विशेष सत्र के दौरान उठाए गये कदमों का स्वागत किया है। प्रदेश भाजपा ने कहा है कि इस सत्र में एक देश एक चुनाव, देशभर में निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण के साथ-साथ संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए सीट आरक्षण- नारी शक्ति वंदन अधिनियम विषय पर तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गये हैं।
इसी के बीच 207 मतों के साथ लोकसभा में 'एक देश-एक चुनाव' विधेयक पारित होने की जानकारी पार्टी के प्रवक्ता प्रांजल कलिता द्वारा दी गई। संविधान संशोधन के माध्यम से संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए एक तिहाई अर्थात 33 प्रतिशत सीटें सुरक्षित करने के निर्णय को, जो देश की महिला शक्ति को अधिक गति देने के लिए केंद्रीय सरकार द्वारा लिया गया है, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और दरंग-उदालगुरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलीप सैकिया ने स्वागत किया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

