बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्य में जुटी भाजपा, कार्यकर्ता सतर्क और सक्रिय रहें: दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 20 जुलाई (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे रहने का आह्वान किया है। पार्टी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और बचाव कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।
असम भाजपा के प्रवक्ता रंजीब कुमार शर्मा ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि जोरहाट, शिवसागर और चराईदेव जिलों में राज्य सरकार युद्धस्तर पर राहत, बचाव और पुनर्वास कार्य चला रही है। जाजी, दिखौ, दिसांग और भोगदोई नदियों के तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा उन्हें मजबूत करने का कार्य जारी है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता भी प्रशासन की सहायता कर रहे हैं।
बयान के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा स्वयं बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन, असम पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा अन्य एजेंसियां समन्वय के साथ राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
भाजपा ने बताया कि 19 जुलाई की रात मुख्यमंत्री ने मंत्री अंजना नेओग, बिमल बोरा, सुशांत बरगोहाई और केशव महंत को प्रभावित जिलों में भेजा, जहां वे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
पार्टी के अनुसार, दिलीप सैकिया संसद के मानसून सत्र में व्यस्त रहने के बावजूद नई दिल्ली से लगातार मंत्रियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के संपर्क में हैं। वहीं, शिवसागर जिले के नाजिरा क्षेत्र के चांताक और गरमुर सहित प्रभावित इलाकों में भारतीय जनता युवा मोर्चा के 100 से अधिक कार्यकर्ता चौबीसों घंटे राहत शिविर चलाकर लोगों की सहायता कर रहे हैं। इसके अलावा जोरहाट और चराईदेव जिलों में भी भाजपा कार्यकर्ता प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

