असम भाजपा राज्यभर में निकालेगी मेगा जन आशीर्वाद यात्रा, कई प्रमुख कार्यक्रमों की घोषणा
गुवाहाटी, 22 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने अटल बिहारी वाजपेयी भवन स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनावों से पूर्व पार्टी अपनी नीतियों, उपलब्धियों एवं संगठनात्मक उद्देश्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए राज्यव्यापी जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा का प्रथम चरण 28 फरवरी से 9 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत राज्य के 34 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। इस यात्रा के मुख्य संयोजक के रूप में मंत्री अशोक सिंघल को दायित्व सौंपा गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री एवं सांसद पबित्र मार्घेरिटा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि 28 फरवरी को यात्रा का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र के गुप्तेश्वर देवालय से किया जाएगा। मुख्यमंत्री यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनसभाओं में भी भाग लेंगे। उद्घाटन दिवस पर यात्रा ढेकियाजुली, बरसोला, तेजपुर, नादुआर एवं रंगापारा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
इसके पश्चात यात्रा के आगामी चरणों में मोरीगांव, नगांव, गोहपुर, बिहपुरिया, धेमाजी, जोंई, टिंगखोंग, नाहरकटिया, गोलाघाट, डिगबोई, तिनसुकिया, नलबाड़ी, रंगिया सहित अन्य क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। जिन विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा सीधे नहीं पहुंचेगी, वहां जन आशीर्वाद सभाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन लगभग 70 से 80 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस यात्रा के माध्यम से प्रतिदिन करीब एक लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 और 14 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर पुनः असम आएंगे। अपने दौरे के दौरान वे 13 मार्च को कोकराझार और गुवाहाटी में तथा 14 मार्च को सिलचर में सरकारी एवं पार्टी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
इसके अतिरिक्त राज्य के युवा मतदाताओं को आकर्षित करने के उद्देश्य से 15 मार्च को खानापाड़ा मैदान में एक विशाल युवा रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग एक लाख युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

