असम में 31 अक्टूबर तक जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण रैलियां करेगी भाजपा
गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर भारत के लोकतंत्र की बुनियाद पर हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि असम प्रदेश भाजपा मंगलवार से 31 अक्टूबर तक राज्य के प्रत्येक जिले के मुख्यालय में शांतिपूर्ण जनसभाएं आयोजित करेगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक जनादेश के मामले में दोहरा रवैया अपनाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन को राहुल गांधी द्वारा कथित रूप से साजिश करार दिया जाता है, लेकिन स्वयं संसद के लिए निर्वाचित होने और बाद में लोकसभा में विपक्ष के नेता का पद संभालने पर वह सवाल नहीं उठाते हैं।
सरमा ने असम और केरल के चुनाव परिणामों पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए लोकतांत्रिक परिणाम तभी स्वीकार्य होते हैं, जब वे पार्टी के पक्ष में हों।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश द्वारा मुलाकात से इनकार किए जाने के बावजूद राहुल गांधी ने सर्वोच्च न्यायालय तक मार्च कर न्यायपालिका पर राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास का प्रतिनिधित्व करने वाले संवैधानिक संस्थानों को किसी राजनीतिक दल की चुनावी निराशा का निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
सरमा के अनुसार, भाजपा की प्रस्तावित जनसभाओं में कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थानों को धमकाने, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर घुसपैठियों को संरक्षण देने तथा जनता के लोकतांत्रिक जनादेश का अपमान करने के आरोपों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति भाजपा का अटूट समर्थन और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के उनके संकल्प के प्रति प्रतिबद्धता भी दोहराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के बहुमूल्य जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए और संवैधानिक संस्थानों की स्वतंत्रता हर हाल में सुरक्षित रहनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए किसी को भी इन संस्थानों को धमकाने या बंधक बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

