विकास धर हत्याकांड की जांच की मांग को लेकर श्रीभूमि जिला भाजपा का मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
-जांच प्रभावित करने के आरोप में हाफिज रसिद अहमद चौधरी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
श्रीभूमि (असम), 18 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की श्रीभूमि जिला समिति ने बाजारीछारा थाना क्षेत्र के छगालमोवा के स्थानीय समाजसेवी और नेता विकास धर की हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग की है। भाजपा ने मामले को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध के बीच अधिवक्ता हाफिज रशीद अहमद चौधरी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को श्रीभूमि जिला आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञात हो कि 12 अगस्त को सागलमौवा गांव निवासी विकास धर मोटरसाइकिल से घर से निकलने के बाद लापता हो गए थे। 14 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के जोगीचरा स्थित एक परित्यक्त इमारत से उनका शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे।
मामले में बाजारीछारा थाने में बीएनएस, 2023 की धारा 61(2) और 103(1) के तहत प्राथमिकी संख्या 56/2026 दर्ज की गई है। असम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
भाजपा जिला समिति ने आरोप लगाया कि शव बरामद होने के बाद हाफिज रशीद अहमद चौधरी ने कथित तौर पर भ्रामक और पक्षपातपूर्ण गतिविधियों के जरिए जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने तथा संवेदनशील सीमा क्षेत्र में साम्प्रदायिक तनाव पैदा करने का प्रयास किया। समिति ने ऐसे प्रयासों को कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा बताया।
भाजपा ने मांग की है कि प्राथमिकी संख्या 56/2026 की जांच के दौरान हाफिज रशीद अहमद चौधरी से पूछताछ कर मामले की वास्तविकता सामने लाई जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
समिति ने विकास धर के परिजनों को तत्काल और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने के लिए हत्या की जांच को राजनीतिक, सामुदायिक और बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त रखने की भी मांग की है।
भाजपा श्रीभूमि जिला समिति के अध्यक्ष संजीव बणी के हस्ताक्षर से भेजे गए ज्ञापन की प्रति असम पुलिस मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजी गई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

