शिवसागर में बाहरी लोगों का जमघट नहीं लगने देगी भाजपा
गुवाहाटी, 04 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता कल्याण गोगोई ने शिवसागर के युनिस तामुली के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि युनिस तामुली वास्तव में हैं कौन? उन्होंने आरोप लगाया कि तामुली खुद को पत्रकार बताकर ग्रामीण हाट-बाजारों में छोटे पशु व्यापारियों से जबरन वसूली जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि 2021 के चुनावों के दौरान और उसके बाद मीडिया में प्रकाशित तस्वीरों से यह संकेत मिलता है कि युनिस तामुली शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई के करीबी सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक महत्व के स्थल शिवसागर में ‘मियां’ लोगों की बसावट को बढ़ावा देने वाले तामुली काे उन्होंने चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि विधायक के संरक्षण में इस प्रकार की हरकत असमिया समाज के लिए गंभीर खतरा है।
प्रेस बयान में कहा गया कि शिवसागर से अखिल गोगोई की पुनः चुनावी जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंतर-क्षेत्रीय ‘मियां’ प्रवासन के माध्यम से कथित साजिश रची जा रही है, जिसमें युनिस तामुली जैसे लोग असमिया अस्मिता के विरुद्ध काम कर रहे हैं। तामुली को तथाकथित मियां नेता बताते हुए कल्याण गोगोई ने आरोप लगाया कि मियां वोटों के बिना कमजोर चुनावी संभावनाओं को देखते हुए अखिल गोगोई ऐसे उपायों के सहारे सत्ता की बाधा पार करने की अवास्तविक उम्मीद लगाए बैठे हैं, जिसे शिवसागर की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में विधायक के रूप में अखिल गोगोई द्वारा विकास कार्यों की भारी कमी के बावजूद वे केवल मिया बहुल क्षेत्रों में प्रचार गतिविधियों तक सीमित रहकर राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। बयान में यह भी दावा किया गया कि स्वदेशी असमिया जनता अब अखिल गोगोई और उनके सहयोगियों की कथित साजिश को समझ चुकी है, तभी तो पशु बाजारों में वसूली के आरोप झेल रहे युनिस तामुली जैसे लोगों का सहारा लिया जा रहा है।
शिवसागर और ऊपरी असम में मियां बसावट के संरक्षण पर चिंता जताते हुए कल्याण गोगोई ने मुख्यमंत्री के एक दिन पहले दिए गए बयान का उल्लेख किया और कहा कि युनिस तामुली जैसे लोगों का सही स्थान जेल है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, रायजर दल और असम जातीय परिषद एकजुट होकर मियां तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं और यह स्वदेशी असमिया समुदाय के हितों के विरुद्ध है। बयान में अखिल गोगोई, गौरव गोगोई और लुरिनज्योति गोगोई पर असमिया समाज और पहचान को नुकसान पहुंचाने वाली साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उन्हें “आधुनिक असम का गद्दार” करार दिया गया।
भाजपा ने हर असमिया से अपील की कि वे ऐसी कथित साजिशों के प्रति सतर्क रहें और असम के भविष्य की रक्षा की जिम्मेदारी निभाएं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

