दुलियाजान से रामेश्वर तेली को मैदान में उतारेगी भाजपा
गुवाहाटी, 03 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्यसभा सांसद रामेश्वर तेली असम में आगामी विधानसभा चुनाव में दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
काजीरंगा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दुलियाजान से वर्तमान विधायक तेरस गोवाला के स्थान पर रामेश्वर तेली को उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि माहमारा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी अलग उम्मीदवार उतारेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरे अनुसार तेरस गोवाला के स्थान पर रामेश्वर तेली दुलियाजान से चुनाव लड़ेंगे,” जिससे सीट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया।
नव शामिल पूर्व आसू नेता शंकरज्योति बरुवा को टिकट न दिए जाने के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि आगामी चुनाव में उन्हें पार्टी का टिकट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी के भीतर पूरी स्पष्टता है।
इस बीच, भाजपा ने 2026 के राज्यसभा चुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। असम से तेरस गोवाला और जोगेन मोहन को उच्च सदन के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
विधानसभा चुनाव के लिए रामेश्वर तेली की उम्मीदवारी और राज्यसभा के लिए उम्मीदवारों की घोषणा को 2026 के चुनावी चक्र के मद्देनजर भाजपा की प्रारंभिक रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

