home page

प्रधानमंत्री के पिता के अपमान के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, खड़गे और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी

 | 
प्रधानमंत्री के पिता के अपमान के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, खड़गे और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी


गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को गुवाहाटी में धरना दिया। भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व से तत्काल माफी मांगने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर पार्टी के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

भाजपा की गुवाहाटी महानगर जिला इकाई के सैकड़ों कार्यकर्ता सरुसजाई स्थित भोगेश्वर बरुवा खेल परिसर के सामने एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस मुर्दाबाद, मल्लिकार्जुन खड़गे मुर्दाबाद, राहुल गांधी मुर्दाबाद और कांग्रेस हाय-हाय के नारे लगाए।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रंजीव कुमार शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि खड़गे ने 25 अक्टूबर को बिहार की राजधानी पटना में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।

प्रदर्शन में गुवाहाटी महानगर जिला भाजपा अध्यक्ष तपन दास, नगांव के विधायक एवं जिला प्रभारी रूपक शर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष राकेश दास, महिला मोर्चा की अध्यक्ष पुरबी रॉय, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष नबारुण मेधी और किसान मोर्चा के अध्यक्ष पंकज बरबोरा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।

धरनास्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रदीप ठाकुरिया ने कांग्रेस को सिद्धांतहीन और दिशाहीन पार्टी बताया।

विधायक रूपक शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि खड़गे प्रधानमंत्री के पिता के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए देशवासियों से जल्द माफी नहीं मांगते हैं, तो कांग्रेस के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रत्ना सिंह ने कांग्रेस को निराश और जनता से कटी हुई पार्टी करार दिया। वहीं, प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस नेता दिशाहीन हो गए हैं और राजनीतिक शालीनता की सभी सीमाएं लांघ रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश