(अपडेट) पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन, नागरिकों को स्वतंत्र रूप से जीने का वातावरण मिलेगा : दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 09 मई (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण को राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन बताया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने 15 वर्षों के ममता सरकार के “आतंक और तुष्टिकरण” के शासन का अंत कर भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने का अवसर दिया है।
उल्लेखनीय है कि असम प्रदेश भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया है कि मौसम की खराबी के कारण कोलकाता से गुवाहाटी पहुंचने के दौरान भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का प्लेन आज शाम गुवाहाटी में उतर नहीं सका। प्लेन वापस कोलकाता लौट गया है।
भाजपा, असम प्रदेश के प्रवक्ता मानस शरणिया द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
दिलीप सैकिया ने कहा कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की लाखों जनता ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और “हिंदू विरोधी” नीतियों के खिलाफ लंबा संघर्ष किया, जिसकी सफलता के लिए उन्होंने राज्य की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल को “नए पश्चिम बंगाल” के रूप में विकसित करेगी, जहां विकास, प्रगति और सनातन संस्कृति का वातावरण स्थापित होगा। सैकिया ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार में लोगों को स्वतंत्र रूप से जीने का अवसर मिलेगा।
सैकिया ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण का साक्षी बनना पार्टी के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा संगठन को मजबूत करने वाले पूर्वजों और कार्यकर्ताओं को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का उल्लेख करते हुए सैकिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और असम में भाजपा सरकार होने से बांग्लादेशी घुसपैठ और गो-तस्करी पूरी तरह बंद होगी। उन्होंने कहा कि अब उत्तर-पूर्व पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और भाजपा सरकार सीमा सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाएगी।
इधर, दिलीप सैकिया ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मां कामाख्या की पवित्र भूमि असम में गर्मजोशी से स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि 12 मई को खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार शपथ ग्रहण करेगी। पार्टी नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी 10 मई को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए देर शाम को असम पहुंचने वाले थे, लेकिन उनका प्लेन मौसम की खराबी के कारण वापस कोलकाता लौट गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

