home page

डॉ. अतनु नाथ और चार अन्य सहयोगी शोधकर्ताओं को दिलीप सैकिया ने दी शुभकामनाएं

 | 
डॉ. अतनु नाथ और चार अन्य सहयोगी शोधकर्ताओं को दिलीप सैकिया ने दी शुभकामनाएं


गुवाहाटी, 25 अप्रैल (हि.स.)। असम के नलबाड़ी जिले के टिहू कॉलेज के प्रतिष्ठित फैकल्टी सदस्य डॉ. अतनु नाथ ने भौतिकी के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए विश्व स्तर पर प्रशंसित “ब्रेकथ्रू प्राइज 2026 इन फंडामेंटल फिजिक्स” हासिल किया है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को अक्सर “विज्ञान का ऑस्कर” कहा जाता है। उनकी इस उपलब्धि पर असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

पार्टी प्रवक्ता मानस सरनिया ने शनिवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि डॉ. नाथ ने अपने असाधारण शोध कार्यों के माध्यम से यह सम्मान अर्जित किया है, जिससे न केवल असम बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है। उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2025 में, गौहाटी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. बुद्धदेव भट्टाचार्जी (एएलआईसीई-जीयू सहयोग के समूह नेता), अपने चार शोध सहयोगियों डॉ. नूर हुसैन (सहायक प्रोफेसर, माधव चौधरी कॉलेज, बरपेटा), डॉ. प्रांजल शर्मा (सहायक प्रोफेसर, जागीरोड कॉलेज), बंजीत बर्मन (पीएचडी शोधार्थी, भौतिकी विभाग, गौहाटी विश्वविद्यालय) और ध्रुवज्योति चौधरी (सहायक प्रोफेसर, बीबीके कॉलेज, नगांव) के साथ, इस प्रतिष्ठित ब्रेकथ्रू प्राइज से सम्मानित किए गए थे।

इन सभी वैज्ञानिकों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए दिलीप सैकिया ने कहा कि इन विद्वानों ने न केवल असम का नाम ऊंचा किया है, बल्कि भारत को भी वैश्विक वैज्ञानिक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने इसे असमिया समाज के लिए अत्यंत गर्व का विषय बताया।

भविष्य को लेकर आशा व्यक्त करते हुए सैकिया ने कहा कि ये वैज्ञानिक आगे भी अपने शोध कार्यों के माध्यम से नए आयाम स्थापित करेंगे और वैश्विक स्तर पर असम का नाम रोशन करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें ज्ञान, अनुसंधान तथा उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय