देबाशीष शर्मा को ऐतिहासिक जनादेश : दिलीप सैकिया ने नगांव के मतदाताओं को किया नमन
गुवाहाटी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी देबाशीष शर्मा की विशाल मतांतर से हुई प्रचंड विजय पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने समस्त मतदाताओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद और गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शर्मा को आत्मीय बधाई दी।
प्रदेश अध्यक्ष सैकिया ने कहा कि यह विजय नगांव की सजग और देशभक्त जनता के विश्वास की विजय है। इस जनादेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के गतिशील एवं विकासोन्मुख शासन के प्रति जनता के पूर्ण समर्थन को एक बार फिर प्रमाणित किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “एक समर्पित एवं उत्तरदायी जनसेवक के रूप में देबाशीष शर्मा नगांव की समस्याओं के समाधान और उसके विकास के लिए निरंतर कार्य करते आए हैं। पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि वे लोकसभा में नगांववासियों की आवाज़ प्रखरता से उठाएंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को और अधिक गति प्रदान करेंगे।”
असम प्रदेश भाजपा प्रवक्ता मानस सरणिया ने एक बयान जारी कर आज बताया है कि प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिन-रात एक करके 5 चुनावी सभाओं में उनकी सहभागिता ने भाजपा की विजय सुनिश्चित की। उन्होंने भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता, गठबंधन के सम्मानित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं के अनवरत परिश्रम और समर्थन के प्रति भी गहन कृतज्ञता व्यक्त की। जनता के आशीर्वाद एवं विश्वास को श्रद्धापूर्वक शिरोधार्य करते हुए उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि भाजपा राज्य की शांति, सद्भाव और सर्वांगीण प्रगति के लिए अटूट निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

