नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा का घर-घर जनसंपर्क अभियान तेज
गुवाहाटी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के चुनाव प्रचार के बीच भाजपा के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी बूथ स्तर तक घर-घर संपर्क अभियान चला रहे हैं। भाजपा असम प्रदेश के मीडिया पैनलिस्ट एवं मीडिया प्रभारी तथा नगांव लोकसभा उपचुनाव के समन्वयक दिलीप कुमार शर्मा ने गुरुवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता चुनावी अभियान से अलग नहीं है।
शर्मा के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज रूपोहीहाट, सामागुड़ी और लाहोरीघाट में भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा के समर्थन में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में आयोजित इन सभाओं में मतदाताओं की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली।
इस बीच, एनडीए उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने मोरीगांव के विधायक रमाकांत देउरी की मौजूदगी में निर्वाचन क्षेत्र के करीब 15 स्थानों पर चुनावी बैठकों में हिस्सा लिया और मतदाताओं से संवाद किया। भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नगांव और मोरीगांव जिलों में किसानों के घर-घर जाकर संपर्क अभियान चलाया।
पार्टी के स्पोर्ट्स सेल के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय खिलाड़ियों, खेल आयोजकों और खेल गतिविधियों से जुड़े लोगों की सूची तैयार कर उनके घरों का दौरा किया और उनसे बातचीत की। असम सरकार की कैबिनेट मंत्री अजंता नियोग और कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रोंगहांग ने भी आज जागीरोड क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया।
पिछले दो दिनों से नगांव-बटद्रवा क्षेत्र में जिला भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कई जिम का दौरा कर फिटनेस एवं शारीरिक प्रशिक्षण से जुड़े युवाओं के बीच देवाशीष शर्मा के समर्थन में प्रचार किया। वहीं, ओबीसी मोर्चा ने नगांव सदर मंडल, हैबरगांव, भोटाईपथारी, बटद्रवा, कामरगांव, धिंग और डुमडुमिया मंडलों में कई नुक्कड़ एवं आंगन बैठकों का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से संवाद भी किया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

