home page

सांसद, मंत्री, विधायक एवं भाजपा के राज्य स्तरीय पदाधिकारियाें की 50 सदस्यीय टीम पश्चिम बंगाल में करेगी प्रचार

 | 
सांसद, मंत्री, विधायक एवं भाजपा के राज्य स्तरीय पदाधिकारियाें की 50 सदस्यीय टीम पश्चिम बंगाल में करेगी प्रचार


-विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा

गुवाहाटी, 16 अप्रैल (हि.स.)। आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 50 सदस्यों वाली टीम आज पश्चिम बंगाल पहुंच गयी। 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए असम की इस टीम का उद्देश्य राज्य के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी प्रचार करना है। असम भाजपा के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने गुरुवार को इसकी जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी।

उल्लेखनीय है कि, गुरुवार काे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पहले ही पश्चिम बंगाल में उपस्थित होकर कूचबिहार, कालसिनी और फांसीदेओवा विधानसभा क्षेत्रों में 3-3 विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा टीम में कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका, जयंत मल्लबरुवा, रंजीत कुमार दास, बिमल बोरा, डॉ. रनोज पेगु, रूपेश गोवाला, कृपनाथ मल्ल, राजद्वीप रॉय, कृष्णेंदु पाल, कौशिक राय और सांसद परिमल शुक्ल बैद्य के साथ-साथ कई विधायक और राज्य स्तरीय नेता पहले ही पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में सक्रिय हो चुके हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने बताया है कि देश में चल रहे चार राज्यों और एक केंद्र शासित क्षेत्र के विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में पश्चिम बंगाल के चुनाव भाजपा दल के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ही कई राज्य और राष्ट्रीय मीडिया ने एनडीए के पक्ष में स्पष्ट जनमत व्यक्त किया है और इसके समानांतर कई मीडिया ने पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की संभावनाओं को व्यक्त किया है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय