home page

असमः टिकट न मिलने से नाराज भाजपा नेता जयंत कुमार दास ने पार्टी से दिया इस्तीफ़ा

 | 
असमः टिकट न मिलने से नाराज भाजपा नेता जयंत कुमार दास ने पार्टी से दिया इस्तीफ़ा


गुवाहाटी, 21 मार्च (हि.स.)। जयंत कुमार दास ने निजी कारणों का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की असम प्रदेश इकाई में अपनी प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफ़ा दे दिया है। 20 मार्च को लिखे अपने इस्तीफ़ा पत्र में दास ने कहा कि उन्होंने निजी असुविधाओं के कारण पद छोड़ा है और अपने पद से जुड़े सभी विशेषाधिकार तत्काल प्रभाव से त्याग दिए हैं।

यह इस्तीफ़ा दास द्वारा 19 मार्च को दिसपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का टिकट न मिलने पर असंतोष और नाराज़गी ज़ाहिर करने के एक दिन बाद आया है। बताया जा रहा है कि उन्हें इस टिकट की उम्मीद थी। दिसपुर सीट जयंत के बजाय कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए सांसद प्रद्युत बोरदोलोई को दी गई है।

दास ने लिखा, मैं इसके द्वारा भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश, असम में अपनी प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से अपना इस्तीफ़ा देता हूँ, और इस तरह पार्टी से अपने पूर्ण अलगाव की पुष्टि की। यह घटना आगामी असम विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के भीतर बढ़ते आंतरिक असंतोष को उजागर करती है।

उल्लेखनीय है कि नाराज जयंत दास को शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मनाने की काफी कोशिश की थी। बंद कमरे में काफी देर तक भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की थी। माना जा रहा था कि जयंत दास की नाराजगी दूर हो गयी है, लेकिन उनके द्वारा इस्तीफा दिए जाने से ऐसा होता नजर नहीं आया है। जयंत दास आगे का कदम उठाते हैं, यह आने वाले समय में पता चलेगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय