home page

असम में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहा भारी जनसमर्थन,मुख्यमंत्री सरमा आज माकूम-डिगबोई-मार्घेरिटा के दौरे पर

 | 
असम में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहा भारी जनसमर्थन,मुख्यमंत्री सरमा आज माकूम-डिगबोई-मार्घेरिटा के दौरे पर


गुवाहाटी, 08 मार्च (हि.स.)। असम में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन आशीर्वाद यात्रा को राज्यभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। यात्रा के सातवें दिन रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा माकूम, डिगबोई और मार्घेरिटा क्षेत्रों के दौरे पर रवाना हुए। इस यात्रा के माध्यम से भाजपा राज्य की जनता से एक बार फिर अपनी सरकार के लिए समर्थन और आशीर्वाद मांग रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आज माकूम से जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद वे डिगबोई होते हुए मार्घेरिटा पहुंचेंगे, जहां यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रमों का समापन होगा। इन तीनों स्थानों पर आयोजित जनसभाओं और कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे तथा सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों के बारे में जानकारी देंगे।

मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया भी मौजूद रहेंगे। दोनों नेता विभिन्न सभाओं में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात करेंगे तथा आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर भी चर्चा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि भाजपा की यह जन आशीर्वाद यात्रा 28 फरवरी से शुरू हुई है। यात्रा का उद्देश्य राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर लोगों से संवाद करना, सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना तथा आगामी चुनाव के लिए जनसमर्थन जुटाना है। पार्टी का दावा है कि यात्रा को हर क्षेत्र में लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी काफी बढ़ा है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य में विकास और स्थिर शासन को देखते हुए जनता एक बार फिर भाजपा को समर्थन देने के लिए तैयार है। वहीं, यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को पार्टी आगामी चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत मान रही है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय