home page

भारत की 7.8 फीसदी जीडीपी वृद्धि आर्थिक मजबूती का प्रमाण : असम भाजपा

 | 
भारत की 7.8 फीसदी जीडीपी वृद्धि आर्थिक मजबूती का प्रमाण : असम भाजपा


गुवाहाटी, 01 सितंबर (हि.स.)। असम भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता मितानाथ बोरा ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8 प्रतिशत वास्तविक जीडीपी वृद्धि का स्वागत करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और लचीलेपन का प्रमाण बताया।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के ताजा अनुमानों के अनुसार, अप्रैल-जून 2026 में वास्तविक जीवीए में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। विनिर्माण क्षेत्र 9.2 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 12.1 प्रतिशत और सकल स्थिर पूंजी निर्माण 11.9 प्रतिशत बढ़ा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की मजबूत वृद्धि देश की आर्थिक बुनियाद और घरेलू मांग की मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की दीर्घकालिक यात्रा को और मजबूती प्रदान करेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश