home page

बघेल को असम सरकार पर टिप्पणी करने का नैतिक अधिकार नहीं : असम भाजपा

 | 
बघेल को असम सरकार पर टिप्पणी करने का नैतिक अधिकार नहीं : असम भाजपा


गुवाहाटी, 13 सितंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल द्वारा असम सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को लेकर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने बघेल की ओर से बाढ़ और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार को सलाह दिए जाने को हास्यास्पद करार दिया।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रवक्ता ब्रोजेन महंत ने आरोप लगाया कि बघेल के नेतृत्व वाली तत्कालीन छत्तीसगढ़ सरकार का कार्यकाल भ्रष्टाचार और कुशासन से जुड़े विभिन्न आरोपों और विवादों से घिरा रहा। उन्होंने कथित शराब घोटाले, महादेव सट्टा ऐप मामले, कोयला लेवी मामले तथा भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया।

महंत ने कहा कि वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 68 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा को सरकार बनाने का अवसर दिया।

लोकतंत्र से जुड़े बघेल के आरोपों पर महंत ने 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असम के तत्कालीन मुख्यमंत्री गोलाप बरबोरा और दुलाल बरुवा समेत कई नेताओं को उस दौर में गिरफ्तार किया गया था।

असम के मूल निवासियों के मुद्दे पर भी भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने बांग्लादेश से अवैध रूप से असम में प्रवेश करने वालों को राजनीतिक संरक्षण और विशेष सुविधाएं देने का प्रयास किया।

संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता प्रांजल कलिता और मीडिया पैनलिस्ट अमल नारायण पटवारी भी मौजूद थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश