गुवाहाटी की पांच सीटें भाजपा के लिए सबसे सुरक्षित : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 20 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि गुवाहाटी की पांच विधानसभा सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए सबसे सुरक्षित मानी जा रही हैं।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी के भीतर किसी प्रकार की असंतुष्टि नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट पाने वाले और न पाने वाले सभी वरिष्ठ नेता पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुट हैं।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ भट्टाचार्य और अतुल बोरा समेत सभी नेता उम्मीदवारों को आशीर्वाद और समर्थन देंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने दोनों नेताओं से फोन पर बातचीत भी की है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि टिकट वितरण के बाद कुछ समय के लिए तात्कालिक प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं, लेकिन अब स्थिति सामान्य है और पार्टी के भीतर कोई समस्या नहीं है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

