home page

राज्य में विपक्षी एकजुटता का प्रचार नाटकः असम भाजपा

 | 
राज्य में विपक्षी एकजुटता का प्रचार नाटकः असम भाजपा


-28 फरवरी से 9 मार्च तक भाजपा की “जन आशीर्वाद यात्रा” का पहला चरण

गुवाहाटी, 24 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता कल्याण गोगोई ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य में विपक्षी एकजुटता नाटक बनकर रह गई है। कांग्रेस ने पूर्व में भी बार-बार विपक्षी एकजुटता का प्रचार कर अपने सहयोगियों को धोखा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत 28 फरवरी से “जन आशीर्वाद यात्रा” शुरू करेगी।

कल्याण गोगोई ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य में विपक्षी एकता की ज़बरदस्त प्रचारित कहानी खोखला नाटक बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि साल 2021 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद के उपचुनावों, पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस ने बार-बार विपक्षी एकता की बातें कर अपने सहयोगियों को धोखा दिया और अंततः स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा।

प्रवक्ता ने 28 फरवरी से 9 मार्च तक भाजपा की “जन आशीर्वाद यात्रा” के बारे में बताया कि इस अभियान के पहले चरण में 43 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा इसका नेतृत्व करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य जनमत एकत्र करना और असम के प्रगतिशील भविष्य के लिए दूरदर्शी विकास योजनाओं को तैयार करने हेतु प्रतिदिन एक लाख सुझाव एकत्रित करना है।

उन्होंने बताया कि साल 2026 की विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार भाजपा ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ का उपयोग केवल जनसंपर्क पहल के रूप में नहीं बल्कि विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी अभियान की घोषणा करने वाली उद्घोषणा के रूप में करेगी।-----

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय