अटल बिहारी वाजपेयी भवन में मनाया गया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
-कठिनाइयों और चुनौतियों से जूझते हुए भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी : दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना के 46 गौरवशाली वर्ष पूरे होने और 47वें वर्ष में प्रवेश करने के इस महत्वपूर्ण अवसर पर राष्ट्र प्रथम के शाश्वत मंत्र, अंत्योदय के दर्शन और सेवा के प्रति अटूट समर्पण से प्रेरित होकर असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और दरंग-उदालगुरी से सांसद दिलीप सैकिया ने पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, अटल बिहारी वाजपेयी भवन में स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने विधिवत रूप से पार्टी का झंडा फहराया और उन दिग्गजों तथा दूरदर्शी नेताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने इस संगठन की नींव रखी थी।
उल्लेखनीय है कि, प्रदेश मुख्यालय के अलावा संगठन के सभी स्तरों पर, जिसमें 39 संगठनात्मक जिला कार्यालय, 433 मंडल कार्यालय और 28,000 से अधिक बूथ कार्यालयाें में स्थापना दिवस को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इन सभी स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फहराया, जिससे उत्सव और सामूहिक गौरव का माहौल बन गया।
प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने इस मौके पर कहा कि, हालांकि भारतीय जनता पार्टी की औपचारिक स्थापना 1980 में हुई थी, लेकिन इसकी वैचारिक और सांगठनिक यात्रा 1951 में भारतीय जनसंघ के गठन के साथ ही शुरू हो गई थी।
उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा और उसकी सभ्यतागत संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाली भाजपा की यात्रा कभी भी आसान नहीं रही है। संघर्ष, सेवा और अपने आदर्शों के प्रति अटूट निष्ठा से गढ़ी गई यह पार्टी, मात्र दो सांसदों की मामूली उपस्थिति से आगे बढ़ते हुए आज 303 सांसदों की प्रचंड शक्ति के रूप में उभरी है और इस तरह इसने खुद को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में मजबूती से स्थापित कर लिया है।
इस गरिमामय अवसर पर, पार्टी के उद्देश्य के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं को गहरी श्रद्धा के साथ याद करते हुए सैकिया ने आशा व्यक्त की कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं द्वारा निर्धारित शाश्वत आदर्शों और मार्गदर्शक सिद्धांतों से प्रेरित होकर, राष्ट्र-निर्माण के कार्य में स्वयं को समर्पित करता रहेगा। ------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

